Monday, Sep 14

होम = News Big = राजस्थान की नगर पालिका चुनावों में BJP का दबदबा, 251 के रुझान ने बढ़ाई कांग्रेस की चिंता

राजस्थान की नगर पालिका चुनावों में BJP का दबदबा, 251 के रुझान ने बढ़ाई कांग्रेस की चिंता

Rajasthan Municipality Election: राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के पार्षद पदों के लिए सोमवार सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। कड़ी सुरक्षा के बीच अलग-अलग मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती हो रही है। 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इन निकाय चुनावों के नतीजों को बीजेपी और कांग्रेस के लिए अहम सियासी टेस्ट माना जा रहा है।

शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बनाई बढ़त

राजस्थान के 309 शहरी स्थानीय निकायों में पार्षद पदों की मतगणना आगे बढ़ने के साथ ही बीजेपी ने शुरुआती बढ़त बना ली है। अब तक बीजेपी के खाते में 1,937 वार्ड गए हैं, जबकि कांग्रेस ने 1,646 वार्डों में जीत दर्ज की है। शुरुआती नतीजों में बीजेपी का प्रदर्शन कांग्रेस के मुकाबले मजबूत नजर आ रहा है।

निर्दलीयों ने भी दिखाया दम

सुबह 11:45 बजे तक सामने आए आधिकारिक आंकड़ों में निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। निर्दलीयों ने 1,040 वार्डों में जीत दर्ज की है। वहीं आरएलपी को 42, बीएपी को 8, बीएसपी और सीपीआई (एम) को 6-6, जबकि आम आदमी पार्टी को 5 वार्डों में जीत मिली है। अब तक कुल 10,245 में से 4,690 वार्डों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इन आंकड़ों में वे उम्मीदवार भी शामिल हैं, जो मतदान से पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे। कुल 77 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।

बीजेपी-कांग्रेस के बीच कई शहरों में कांटे की टक्कर

राजस्थान निकाय चुनाव के रुझानों में बीजेपी बढ़त बनाए हुए है। 251 नगर पालिकाओं के रुझानों में बीजेपी 155, कांग्रेस 88 और अन्य 8 जगह आगे हैं। वहीं 44 नगर परिषदों के रुझानों में बीजेपी 34 और कांग्रेस 10 पर बढ़त बनाए हुए है। प्रमुख शहरों की बात करें तो जयपुर में बीजेपी 104 वार्डों में आगे है, जबकि कांग्रेस 40 पर है। बीकानेर में बीजेपी 52 और कांग्रेस 20, जबकि उदयपुर में बीजेपी 42 और कांग्रेस 33 वार्डों में आगे चल रही है।

हालांकि कुछ शहरों में तस्वीर बीजेपी के लिए उतनी आसान नहीं है। अजमेर में कांग्रेस 37 वार्डों के साथ बीजेपी के 32 से आगे है। पाली में भी कांग्रेस 29 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है, जबकि बीजेपी 20 पर है। जोधपुर में दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां बीजेपी 43 और कांग्रेस 42 वार्डों में आगे है। वहीं भरतपुर में अन्य उम्मीदवारों का दबदबा नजर आ रहा है, जहां 38 वार्डों में अन्य आगे हैं, जबकि बीजेपी 20 और कांग्रेस 7 पर है।