Ram Mandir Chadhava Chori: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की जांच के बीच ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बड़ा बयान सामने आया है। एसआईटी के सामने बयान दर्ज कराते हुए उन्होंने चोरी में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया। चंपत राय का कहना है कि जैसे ही उन्हें मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद संदिग्धों को पकड़ने में सफलता मिली।
एसआईटी ने कई घंटे की पूछताछ
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दर्ज एफआईआर के तहत गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों के बारे में जांच में यह बात सामने आई कि वे किसी न किसी रूप में पूर्व महासचिव चंपत राय से जुड़े रहे थे। इसी सिलसिले में एसआईटी ने उनसे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चंपत राय ने कहा कि मंदिर के कई प्रशासनिक फैसलों की जिम्मेदारी उनके पास थी, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि व्यवस्था में कुछ कमियां और गलतियां हुई हैं। हालांकि, उन्होंने चढ़ावा चोरी में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया।
टिन्नू यादव पर भी दिया जवाब
पूछताछ के दौरान जब चंपत राय से आरोपी टिन्नू यादव के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि टिन्नू काफी समय से उनके संपर्क में था। उन्होंने बताया कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह की हरकत कर सकता है। चंपत राय का दावा है कि मामले की जानकारी सबसे पहले उन्हें ही मिली थी और उनकी सूचना के बाद ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहली गिरफ्तारी की थी।

