होम = Breaking = राम मंदिर दान चोरी का पैसा शेयर मार्केट में लगाया? 40 घंटे की पुलिस रिमांड में बड़ा खुलासा

राम मंदिर दान चोरी का पैसा शेयर मार्केट में लगाया? 40 घंटे की पुलिस रिमांड में बड़ा खुलासा

Ram Mandir Donation Theft: राम मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी दान राशि चोरी मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस की पड़ताल में अब पैसों के इस्तेमाल को लेकर चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि चोरी की रकम को सिर्फ छिपाया नहीं गया, बल्कि उसे जमीन खरीदने, ब्याज पर लगाने और शेयर मार्केट में निवेश करने तक इस्तेमाल किया गया। आखिर दान के पैसों का यह पूरा नेटवर्क कैसे चला? पुलिस अब इसकी हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताए पैसे के इस्तेमाल के कई रास्ते

पुलिस ने मामले में अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को रिमांड पर लेकर करीब 40 घंटे तक पूछताछ की। दिनभर सवाल-जवाब के बाद रात में पुलिस उन्हें अलग-अलग ठिकानों पर लेकर गई, जहां तलाशी भी कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चोरी की रकम को कई जगहों पर लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, दान के पैसों से जमीन के कारोबार में निवेश किया गया, कुछ रकम ब्याज पर दी गई और शेयर बाजार में भी पैसा लगाने की बात सामने आई है। अब पुलिस इस पूरे निवेश नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच की जा रही है कि शेयर मार्केट में कितनी रकम लगाई गई, किन खातों से लेनदेन हुआ और चोरी की रकम से कितनी कमाई की गई।

शेयर बाजार से जमीन तक जांच, पुलिस खंगाल रही चोरी की रकम का पूरा हिसाब

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की रकम किसके नाम से शेयर बाजार में लगाई गई, उससे कितना फायदा या नुकसान हुआ और किन-किन लोगों के जरिए पैसों का लेनदेन किया गया। इसके अलावा जमीन के सौदों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। रिमांड के दौरान पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की, जिसमें अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित मकान की तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, यहां से एक स्विफ्ट डिजायर कार, सोने की चेन और करीब 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि कार चोरी की रकम से खरीदी गई थी और अब बरामद सामान व संपत्तियों को भी केस से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।