होम = News Big = राम मंदिर में दान सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डबल लेयर सिक्योरिटी और हर पल निगरानी

राम मंदिर में दान सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डबल लेयर सिक्योरिटी और हर पल निगरानी

by | Jul 3, 2026 | News Big, देश

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा को लेकर अब व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। दान चोरी का मामला सामने आने के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कैश काउंटिंग प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए हैं। अब नकदी गिनने वाले कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाली विशेष ड्रेस, कई स्तरों पर तलाशी, डबल लेयर सुरक्षा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य कर दी गई है, ताकि चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

दो शिफ्टों में होती है दान की गिनती

मुख्य मंदिर से करीब 200 मीटर दूर स्थित पिलग्रिम फैसिलिटेशन सेंटर (PFC) के बेसमेंट में विशेष कैश काउंटिंग रूम बनाया गया है। मंदिर परिसर में लगी करीब 35 दानपेटियों से प्रतिदिन चढ़ावा यहां लाकर गिना जाता है। पूरी प्रक्रिया दो शिफ्टों में संचालित होती है—पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक।

हर शिफ्ट में तैनात रहते हैं 20 कर्मचारी

दान की गिनती के लिए प्रत्येक शिफ्ट में करीब 20 कर्मचारियों की तैनाती की जाती है। ये कर्मचारी नोटों, सिक्कों और अन्य चढ़ावे की गिनती करते हैं। नई सुरक्षा व्यवस्था लागू होने के बाद पूरी प्रक्रिया कड़ी निगरानी, नियमित तलाशी और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी की जाती है।

पॉकेटलेस ड्रेस और हर बार होगी तलाशी

नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत सबसे बड़ा बदलाव कैश गिनने वाले कर्मचारियों की ड्रेस को लेकर किया गया है। अब सभी कर्मचारियों के लिए आसमानी रंग का पॉकेटलेस (बिना जेब वाला) गाउन पहनना अनिवार्य होगा। यह विशेष गाउन केवल कैश काउंटिंग रूम के अंदर ही पहना जाएगा, जिसके लिए अलग से चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था की गई है।

6 जुलाई की ट्रस्ट बैठक पर टिकीं निगाहें

दान चोरी मामले के बाद अब सभी की नजर 6 जुलाई को होने वाली श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक पर है। माना जा रहा है कि इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों से जुड़े मुद्दों पर विचार किया जा सकता है।