Ram Mandir Donation Scam: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज जांच का सबसे बड़ा दिन माना जा रहा है। यूपी पुलिस ने टिन्नू यादव समेत सभी 8 आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस अब तक करीब 79 लाख 85 हजार रुपये बरामद करने का दावा कर चुकी है। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंदानंद सरस्वती भी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर ट्रस्ट का पक्ष रखेंगे।
8 आरोपियों के घरों पर एक साथ पुलिस की छापेमारी
राम मंदिर दान चोरी मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के ठिकानों पर अयोध्या पुलिस की छापेमारी जारी है। इस दौरान पुलिस आरोपियों के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और घरों में मौजूद दस्तावेजों के साथ-साथ संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसी इस मामले में कोई कड़ी अधूरी नहीं छोड़ना चाहती। जानकारी के मुताबिक, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और कमलेश पांडे समेत अन्य आरोपियों के घरों पर पुलिस टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
11 जुलाई की बैठक में ट्रस्ट में बड़े बदलाव संभव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में व्यापक बदलाव की तैयारी चल रही है। ट्रस्ट के सभी सदस्यों से संगठनात्मक सुधारों को लेकर सुझाव मांगे गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, 11 जुलाई को अयोध्या में होने वाली ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला लेने के साथ-साथ ट्रस्ट के ढांचे में बदलाव पर भी चर्चा होगी। प्रस्तावित बदलावों के तहत सचिव और सीईओ की नियुक्ति के अलावा चढ़ावे की गिनती, प्रबंधन और लेखा-जोखा जैसे महत्वपूर्ण कार्य चार्टर्ड अकाउंटेंट, पूर्व बैंक अधिकारियों और मैनेजमेंट प्रोफेशनल्स को सौंपे जाने पर विचार किया जा रहा है।

