Ram Mandir Trust Action: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट का एक्शन लगातार तेज हो रहा है। एसआईटी जांच के बीच ट्रस्ट ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से एक अहम अधिकार वापस ले लिया है। इससे पहले चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे भी ट्रस्ट स्वीकार कर चुका है।
VIP दर्शन पास सिस्टम में बड़ा बदलाव
श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव की VIP और सुगम दर्शन पास जारी करने वाली सिस्टम आईडी निष्क्रिय कर दी है। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक पास इन्हीं तीन आईडी से जारी किए गए थे। चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट ने व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत पास जारी करने की प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाया गया है। साथ ही ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास के नाम से नई आईडी बनाई गई है, जिससे अब VIP और सुगम दर्शन पास जारी किए जाएंगे। वहीं, ट्रस्ट जल्द ही नए CEO की नियुक्ति भी करेगा।
क्या होते हैं सुगम और विशिष्ट दर्शन पास?
राम मंदिर में दर्शन के लिए दो तरह के पास जारी किए जाते हैं। सुगम दर्शन पास और विशिष्ट दर्शन पास। इन पासों को जारी करने के लिए ट्रस्टियों और अधिकृत पदाधिकारियों के नाम से अलग-अलग सिस्टम आईडी बनाई गई है। विशिष्ट दर्शन पास के जरिए श्रद्धालु बिना सामान्य कतार में लगे रामलला के निकट से दर्शन कर सकते थे। यह सुविधा मुख्य रूप से वीवीआईपी के लिए थी, लेकिन आरोप हैं कि सिफारिश के आधार पर कई सामान्य लोगों को भी इसका लाभ दिया गया।

