Ram Mandir Trust New Secretary: दान चोरी मामले को लेकर सुर्खियों में रहे अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इंजीनियर जगदीश आफले को नया सचिव बनाने का फैसला किया है। उनके नाम पर 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट बैठक में औपचारिक मुहर लगने की संभावना है।
IIT से पढ़ाई, विदेशों में नौकरी, फिर राम मंदिर से जुड़े
महाराष्ट्र के पुणे निवासी जगदीश आफले का बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ाव रहा है। पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर आफले ने आईआईटी मुंबई से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने यूरोप और अमेरिका की कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम किया। सेवानिवृत्ति के बाद वे भारत लौटे और राम मंदिर निर्माण शुरू होने पर बिना वेतन परियोजना प्रबंधक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में वह अपनी पत्नी के साथ अयोध्या स्थित ट्रस्ट भवन में रह रहे हैं। सचिव बनाए जाने के बाद जगदीश आफले को SBI में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी नियुक्त किया गया है। इसके बाद बैंक खातों के संचालन की प्रक्रिया फिर से सुचारू हो गई है।
सीईओ और प्रवक्ता पर फैसला बाकी
ट्रस्ट पहले ही सीईओ, सचिव और प्रवक्ता के पद सृजित करने का निर्णय ले चुका था। सचिव पद के लिए जगदीश आफले का नाम लगभग तय माना जा रहा है, जबकि सीईओ पद के लिए मिले करीब 5,200 आवेदनों की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली समिति कर रही है। चयन प्रक्रिया में समय लगने के कारण फिलहाल सचिव की नियुक्ति को प्राथमिकता दी गई है। ट्रस्ट की 2 सितंबर को होने वाली बैठक में सीईओ और प्रवक्ता समेत कई अहम फैसलों पर भी मुहर लगने की संभावना है।

