Ramayana Movie: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर निर्माताओं ने सख्त रुख अपनाया है। सिनेमाघरों में फिल्म के फुटेज रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले सामने आने के बाद टीम ने चेतावनी जारी की है। निर्माताओं ने साफ कहा है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिना नोटिस के होगी कानूनी कार्रवाई
निर्माताओं ने स्पष्ट किया कि फिल्म की अनधिकृत रिकॉर्डिंग या उसे साझा करने वालों के खिलाफ बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के आपराधिक और दीवानी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि ऐसा करना कॉपीराइट का उल्लंघन है। यह कॉपीराइट अधिनियम, 1957, सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और आईटी अधिनियम, 2000 के तहत दंडनीय अपराध है।
दिवाली 2028 में आएगा दूसरा भाग
‘रामायण’ की टीम ने पहले से ऑनलाइन साझा किए गए अनधिकृत फुटेज हटाने की भी अपील की है। 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। इसका दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज होगा।
ये भी पढ़ें: अभिषेक के जन्मदिन पर पुलिस से भिड़े समर्थक, ममता ने बीजेपी सरकार और पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा

