Thursday, Nov 12

होम = खेल = क्रिकेट = ऋषभ पंत को लगा झटका, न्यूजीलैंड दौरे से पहले फिटनेस टेस्ट में हुए फेल

ऋषभ पंत को लगा झटका, न्यूजीलैंड दौरे से पहले फिटनेस टेस्ट में हुए फेल

Rishabh Pant Fitness Test: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है. बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हुए पहले फिटनेस टेस्ट में वह अपनी मैच फिटनेस साबित नहीं कर सके. हालांकि, बोर्ड की मेडिकल टीम उन्हें एक और मौका देने जा रही है.

पंत अक्टूबर की शुरुआत में ईरानी कप के दौरान साइड स्ट्रेन से जूझ रहे थे. इसके बाद 23 अक्टूबर से बेंगलुरु में उनका रिहैब चल रहा है. राहत की बात यह है कि उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग का अभ्यास फिर शुरू कर दिया है. अब अगले दो दिनों में उनका दोबारा फिटनेस टेस्ट होगा. इसे पास करने पर ही उन्हें न्यूजीलैंड दौरे पर जाने की अनुमति मिलेगी. नाकाम रहने पर वह टीम से बाहर हो सकते हैं.

7 नवंबर को इंडिया-ए के लिए खेल सकते हैं पंत

चयनकर्ताओं ने पंत को न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज और इंडिया-ए टीम में इस शर्त पर शामिल किया था कि वह फिटनेस टेस्ट पास करेंगे. फिटनेस में देरी के कारण वह शुरुआती दो चार दिवसीय मैचों से बाहर रहे, जिनमें ध्रुव जुरेल ने कप्तानी के साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली.

अगर पंत अगला टेस्ट पास कर लेते हैं, तो वह 7 नवंबर से लिंकन में न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ होने वाले इंडिया-ए के तीसरे चार दिवसीय मुकाबले में खेल सकते हैं. 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले यह मैच उन्हें लय हासिल करने का मौका देगा.

पंत की फिटनेस पर गंभीर ने क्या कहा?

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 3-2 से जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड कोच गौतम गंभीर से पंत की फिटनेस और उपलब्धता पर सवाल किया गया. गंभीर ने कहा कि फिलहाल उनके पास पंत की मेडिकल रिपोर्ट को लेकर कोई अपडेट नहीं है. BCCI से आधिकारिक जानकारी मिलने पर इसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा.

ये भी पढ़े: बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, 529 फैक्ट्रियों पर ताला, वेतन बढ़ाने की मांग पर सड़कों पर मजदूर