Rohini Encounter: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार को पुलिस और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। कंझावला थाना क्षेत्र के कराला इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने गैंग के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल और राहुल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे आरोपी
पुलिस को शनिवार रात सूचना मिली थी कि टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो बदमाश UER हाईवे से गुजरने वाले हैं। इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने कराला इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपियों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
हत्या के मामले में थी दोनों की तलाश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी हाल ही में कराला इलाके में हुई हरीश माथुर हत्याकांड में शामिल थे। वारदात के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क व अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

