Russia Nadezhda Cargo Ship Drone Attack: रूस के ब्लैक सी पोर्ट नोवोरोस्सिय्स्क के पास सोमवार, 3 अगस्त को Nadezhda नाम के कार्गो शिप पर ड्रोन हमला हुआ। हमले में जहाज के तीन क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल हो गए। तुर्की की मरीन अथॉरिटी के अनुसार, जहाज रूस के नोवोरोस्सिय्स्क से तुर्की के सैमसन पोर्ट जा रहा था। इसी दौरान पोर्ट से करीब 20 नॉटिकल मील दूर उसे निशाना बनाया गया।
हमले के बाद जहाज में लगी आग
हमले के बाद घायल क्रू मेंबर्स को एक छोटी नाव की मदद से जहाज से बाहर निकाला गया। उस समय कार्गो शिप के अगले हिस्से में आग लगी हुई थी। तुर्की की मरीन अथॉरिटी ने बताया कि जहाज पर मौजूद सभी 22 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकालकर रूस ले जाया गया, हालांकि इनमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोगों को निकालने के बाद भी जहाज के आगे के हिस्से में आग जारी रही।
शिप की पहचान की हुई पुष्टि
Reuters ने शिप ट्रैकिंग डेटा के जरिए घटना की ब्लैक सी में होने की पुष्टि की और जहाज की पहचान NADEZHDA के रूप में की। मौके के वीडियो में दिखाई दे रहे जहाज के अगले हिस्से, मस्तूल और बाहरी संरचना का मिलान उसकी पुरानी तस्वीरों से किया गया। वीडियो की तारीख भी आधिकारिक बयान के आधार पर सत्यापित की गई। तुर्की की मरीन अथॉरिटी ने पुष्टि की कि 3 अगस्त को ड्रोन हमले में जहाज क्षतिग्रस्त हुआ था।
Nadezhda एक रोल-ऑन/रोल-ऑफ कार्गो जहाज है, जो नोवोरोस्सिय्स्क से तुर्की के उत्तरी हिस्से में स्थित सैमसन पोर्ट जा रहा था।
हमले के पीछे कौन?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जहाज पर ड्रोन हमला किसने किया। तुर्की की मरीन अथॉरिटी ने भी हमले के लिए किसी पक्ष को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। घटना की परिस्थितियों और हमले के पीछे की वजह की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़े: पुणे में 1 सितंबर से महंगा होगा ऑटो का सफर, न्यूनतम किराया ₹30 और प्रति किमी ₹20

