Thursday, Sep 24

होम = Breaking = रूस-यूक्रेन जंग में फिर बढ़ा तनाव, मॉस्को पर ड्रोन हमले के जवाब में रूस ने की मिसाइल अटैक

रूस-यूक्रेन जंग में फिर बढ़ा तनाव, मॉस्को पर ड्रोन हमले के जवाब में रूस ने की मिसाइल अटैक

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में एक बार फिर हमलों का सिलसिला तेज हो गया है। यूक्रेन के मॉस्को क्षेत्र पर बड़े ड्रोन हमले के दो दिन बाद रूस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ड्नीप्रो शहर पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला किया। हमले के बाद शहर में कई जगह आग और धुएं के गुबार दिखाई दिए। इससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

मॉस्को की ओर बढ़े सैकड़ों ड्रोन

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के मुताबिक, राजधानी की ओर बढ़ रहे करीब 450 ड्रोन को मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि ड्रोन हमले के दौरान एक प्रमुख तेल रिफाइनरी और एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। हमले के बाद मॉस्को और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने ड्रोन हमले से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। इस बड़े हमले के बाद रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है।

ड्रोन हमले में 2 लोगों की मौत

मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव के मुताबिक, ड्रोन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 20 लोग घायल हुए। सोफिनो में रविवार को एक ड्रोन ने तीन मंजिला रिहायशी इमारत को निशाना बनाया, जिसमें 44 वर्षीय महिला की मौत हो गई और दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हुए। वहीं, ओरेखोवो-जुएवो जिले में एक निजी मकान पर हुए हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मॉस्को के रात के आसमान में धमाके और एक जलता हुआ गोदाम दिखाई दिया।

मॉस्को की तेल रिफाइनरी को नुकसान का दावा

मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि एक ड्रोन राजधानी के प्रमुख बुलेवार्ड के पास स्थित एक इमारत से टकराया। वहीं, यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि हमले में मॉस्को की तेल रिफाइनरी की तीन प्रमुख इकाइयों को नुकसान पहुंचा है। कीव के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह रिफाइनरी मॉस्को क्षेत्र की एक-तिहाई से ज्यादा ईंधन जरूरत पूरी करती है। यहां पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन का उत्पादन होता है, जिसका कुछ हिस्सा रूसी सेना को भी आपूर्ति किया जाता है।