Friday, Sep 25

होम = News Big = सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के नकली नोट बरामद, NIA ने एक और आरोपी को दबोचा

सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के नकली नोट बरामद, NIA ने एक और आरोपी को दबोचा

Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये की फेस वैल्यू वाली नकली भारतीय करेंसी मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने PNB करेंसी चेस्ट में कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले आदेश चौधरी को पकड़ा है।

आदेश सहारनपुर के कुतुब शेर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। NIA उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

29 अगस्त को सामने आया था मामला

29 अगस्त 2026 को PNB के सहारनपुर करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये की फेस वैल्यू वाले नकली नोट बरामद हुए थे। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद बैंक और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद PNB ने तीनों को निलंबित कर दिया। 29 अगस्त को सदर बाजार थाने में FIR दर्ज की गई थी। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच NIA को सौंप दी गई। एजेंसी ने 3 सितंबर 2026 को केस अपने हाथ में लेकर दोबारा मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

पहले अमित कुमार की गिरफ्तारी

NIA ने इससे पहले 7 सितंबर को अमित कुमार को गिरफ्तार किया था। अब आदेश चौधरी की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ी है। एजेंसी नकली नोटों के स्रोत, उन्हें करेंसी चेस्ट तक पहुंचाने की साजिश और बैंकिंग सिस्टम में डालने में शामिल लोगों का पता लगा रही है। बाकी आरोपियों और संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।

ये भी पढ़े: राघोपुर में CM और केंद्रीय मंत्री के इंतजार में 4 घंटे बैठे ग्रामीण, नहीं पहुंचे तो फाड़े बैनर-पोस्टर