Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार सुबह रुड़की-पंचकूला मार्ग पर दर्दनाक हादसा हुआ। सरसावा क्षेत्र के झबीरण कट के पास भूसे से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां ओवरटेक करने की कोशिश में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे में भूसे के नीचे दबने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।
बताया गया कि दोनों वाहन पंजाब से भूसा लेकर हरिद्वार/देहरादून की ओर जा रहे थे। आगे निकलने की होड़ में पहले एक ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा और वह खाई में पलट गई। पीछे आ रही दूसरी ट्रॉली भी उसी खाई में जा गिरी।
भूसे में दबे मिले दोनों चालक
हादसे की सूचना पर पुलिस, सीओ नकुड़ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद भूसे में दबे दोनों ट्रैक्टर चालकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान वसीम और गुलजार के रूप में हुई है। दोनों नोजली गांव के रहने वाले थे।
10 लोग थे सवार
सीओ नकुड़ जितेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कुल 10 लोग सवार थे और सभी नोजली गांव, थाना नारंग के निवासी बताए गए हैं। चार घायलों को उपचार के लिए पीजीआई अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़े: पाकिस्तान के डेरा इस्माइल खान में धमाका, 11 लोगों की मौत; 30 घायल

