Saharsa News: बिहार के सहरसा जिले के सरडीहा गांव में सत्यनारायण पूजा के बाद 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार लोगों का इलाज शुरू किया।
उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत, अस्पताल में इलाज जारी
सहरसा के सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने बताया कि पूजा के बाद बीमार पड़े लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत हुई है। उन्होंने कहा कि सबडिविजन अस्पताल के प्रभारी, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और लोगों का इलाज शुरू किया। वहीं, ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर एक-दो बच्चों को सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
100 से ज्यादा लोग बीमार, जांच के बाद साफ होगी वजह
सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने बताया कि अलग-अलग घरों के लोग बीमार हुए हैं, इसलिए प्रभावित लोगों की सटीक संख्या फिलहाल सामने नहीं आ पाई है। हालांकि, 100 से ज्यादा लोगों के बीमार होने की जानकारी है। स्थानीय खबरों के मुताबिक, सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने अभी फूड पॉइजनिंग की पुष्टि नहीं की है और जांच के बाद ही बीमारी की असली वजह सामने आएगी।

