Hajipur: बिहार के हाजीपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी पेपरलेस निबंध कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। दोनों नेता हेलिकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे और उद्घाटन के बाद वापस रवाना होने के लिए हेलिकॉप्टर में सवार हुए।
150 फीट की ऊंचाई पर 4 मिनट तक मंडराता रहा हेलिकॉप्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उड़ान भरने के बाद मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर करीब 150 फीट की ऊंचाई तक पहुंचा, लेकिन आगे बढ़ने के बजाय लगभग चार मिनट तक एक ही स्थान पर हवा में मंडराता रहा। इस दौरान हेलिकॉप्टर ने दिशा भी बदली और कुछ समय के लिए हेलीपैड की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दिया।
हेलिकॉप्टर के काफी देर तक हवा में रहने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। एहतियातन सुरक्षा बलों ने हेलीपैड के आसपास मौजूद लोगों को तुरंत वहां से हटा दिया। कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि हेलिकॉप्टर दोबारा लैंड करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
रूट क्लीयरेंस मिलने के बाद भरी उड़ान
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर के हवा में मंडराने की वजह रूट लाइन की पुष्टि (रूट क्लीयरेंस) नहीं होना था। आवश्यक अनुमति मिलने के बाद हेलिकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी और अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गया।
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार हाजीपुर पहुंचे थे। उनके स्वागत में एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने जिला निबंधन कार्यालय में पेपरलेस निबंध व्यवस्था समेत कई नई पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में आधुनिक तकनीक के अधिक उपयोग से लोगों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सरकारी सेवाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।
ये भी पढ़े: शहीद पिता के बाद ईरान के नए नेता मोजतबा का पहला संबोधन, बोले- बदला लेकर रहेंगे

