Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 1:30 बजे पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। आशंका है कि करीब 40 से 50 छात्र अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव का काम तेजी से जारी है। मौके पर DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CTS और सिविल डिफेंस की टीमें जुटी हुई हैं।
CM रेखा गुप्ता ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार अब PG, स्कूल, नर्सिंग होम समेत सार्वजनिक उपयोग की इमारतों की समय-समय पर जांच की नीति बनाएगी। साथ ही, रेस्क्यू किए गए लोगों के लिए कॉलेज हॉस्टलों में रहने की व्यवस्था की गई है।
DU के कई कॉलेजों ने छात्रों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया
दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की डायरेक्टर प्रोफेसर रजनी अब्बी ने बताया कि हादसे के बाद मदद के लिए कई फोन आए। उन्होंने कहा कि मैत्रेयी कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत कई कॉलेजों ने प्रभावित छात्रों के लिए अस्थाई रहने और खाने-पीने की व्यवस्था शुरू की है।

