Friday, Sep 25

होम = Breaking = यमन में फिर तेज हुई जंग, हूतियों का बड़ा दावा- सऊदी अरब ने 24 घंटे के भीतर किए 54 हवाई हमले

यमन में फिर तेज हुई जंग, हूतियों का बड़ा दावा- सऊदी अरब ने 24 घंटे के भीतर किए 54 हवाई हमले

Saudi Arabia Houthi Attack: यमन में सऊदी अरब की एयरस्ट्राइक को लेकर तनाव बढ़ गया है। हूती विद्रोहियों ने सोमवार को दावा किया कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों में यमन के अलग-अलग इलाकों में 54 हवाई हमले किए हैं। हूतियों के मुताबिक, इन हमलों में कई इलाकों को निशाना बनाया गया।

सऊदी लड़ाकू विमानों से कई इलाकों पर हमला

यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब हूती विद्रोही लाल सागर से लगे यमन के तटीय इलाकों में अपनी गतिविधियां तेज कर रहे हैं। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि सऊदी अरब की एयरफोर्स ने एफ-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों के जरिए यमन के कई इलाकों को निशाना बनाया। उनके मुताबिक, हवाई हमलों में ताइज़, लहज, जौफ़, मारिब और होदेइदा समेत कई क्षेत्र शामिल हैं।

हूतियों का पलटवार, सऊदी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

हूतियों ने सोमवार को यह भी दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। संगठन के मुताबिक, हाल के दिनों में उसने लाल सागर के तटीय इलाकों और बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण मजबूत किया है। इस समुद्री मार्ग का रणनीतिक महत्व ऐसे समय और बढ़ गया है, जब अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच होर्मुज़ स्ट्रेट पहले से प्रभावित है।

सऊदी के तेल ठिकानों पर हूतियों का बड़ा हमला, 73 लोग घायल

इसी बीच हूतियों ने इस हफ्ते सऊदी अरब पर वर्षों का अपना सबसे बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला करने का दावा किया है। बताया गया कि हमलों में तेल से जुड़े ठिकानों में आग लग गई और 73 लोग घायल हुए। इसके बाद सऊदी अरब की ओर से भी हवाई हमले तेज होने लगे। हूती मीडिया के मुताबिक, मंगलवार के बाद से उसके ठिकानों पर 100 से ज्यादा हमले किए जा चुके हैं। इनमें सादा प्रांत में दो हवाई हमले और अल-जौफ प्रांत के एक बाजार पर दो हमले शामिल हैं। हालांकि, सऊदी अरब ने इन सभी हमलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।