Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = सऊदी अरब में हूती हमले के घायल भारतीय ने तोड़ा दम, दूतावास करेगा पीड़ित परिवार की मदद

सऊदी अरब में हूती हमले के घायल भारतीय ने तोड़ा दम, दूतावास करेगा पीड़ित परिवार की मदद

Riyadh Airport Attack: सऊदी अरब में हुए हमले में घायल एक भारतीय की जिंदगी की जंग आखिरकार खत्म हो गई। 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों के हमले में घायल हुए भारतीय नागरिक ने बुधवार को दम तोड़ दिया। भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

ICU में इलाज के दौरान तोड़ा दम

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका ICU में इलाज चल रहा था। दूतावास ने कहा कि वह इस मुश्किल समय में लगातार परिवार के संपर्क में रहा है। परिवार की इच्छा के मुताबिक, शव को भारत लाने या रियाद में ही अंतिम संस्कार कराने के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी।

हमले में 12 लोगों की हुई थी मौत

10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 309 अन्य घायल हुए थे। उस समय भारतीय दूतावास ने बताया था कि हमले में 11 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिनमें से एक की मौत हो गई थी। बाकी घायलों का इलाज चल रहा था। इसके अगले दिन यानी 11 अक्टूबर को हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल पर एक और प्रोजेक्टाइल गिरा था।

ये भी पढ़ें: रिलायंस के शेयर में 11.6% की ऐतिहासिक तेजी, मार्केट कैप 17.57 लाख करोड़ रुपये के पार