होम = Breaking = सावन के पहले सोमवार पर शिवभक्ति में डूबा देश, महाकाल, काशी विश्वनाथ और बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में लगी लंबी कतारें

सावन के पहले सोमवार पर शिवभक्ति में डूबा देश, महाकाल, काशी विश्वनाथ और बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में लगी लंबी कतारें

Sawan 2026: सावन के पहले सोमवार पर देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही महाकाल, काशी विश्वनाथ और बाबा बैद्यनाथ धाम समेत प्रमुख शिव मंदिरों में भक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारों में नजर आए। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंज उठे।

महाकाल मंदिर में भस्म आरती के लिए उमड़ी भीड़

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में सावन के पहले सोमवार पर देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। तड़के 2:30 बजे मंदिर के पट खोले गए और सुबह 3 बजे बाबा महाकाल की भस्म आरती शुरू हुई। आरती से पहले जल और पंचामृत से अभिषेक किया गया, फिर भांग और चंदन से विशेष श्रृंगार कर भगवान को भस्म अर्पित की गई। झांझ, मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच संपन्न हुई भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आज के दिन दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर में उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है।

आज निकलेगी बाबा महाकाल की शाही सवारी

सावन के सोमवार पर बाबा महाकाल की शाही सवारी निकालने की परंपरा भी निभाई जाती है। इसी क्रम में आज शाम बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलेंगे। मान्यता है कि राजा महाकाल अपनी प्रजा का हाल-चाल जानने के लिए सवारी निकालते हैं। इस भव्य आयोजन के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु सड़क किनारे घंटों इंतजार करते हैं और बाबा महाकाल की एक झलक पाकर खुद को धन्य मानते हैं।

काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन के पहले सोमवार पर वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंगला आरती के बाद से ही जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लग गईं। कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जबकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पूरे दिन अलर्ट मोड में तैनात रही।