Jyotiraditya Scindia Black Flags Protest: ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम के दौरान बीते दिन सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। बेला की बावड़ी में कुशवाहा समाज के छात्रावास के भूमिपूजन कार्यक्रम में कुछ लोगों ने सिंधिया को काले झंडे दिखाए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को मौके से हटाया। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
काले झंडे दिखाने पर भिड़े बीजेपी कार्यकर्ता
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिंधिया के भाषण शुरू करते ही कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। इसका कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और उन्हें हटाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों गुटों के बीच झड़प हो गई। खास बात यह रही कि विरोध और झड़प में शामिल दोनों पक्ष भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
काले झंडे पर सिंधिया के समर्थकों ने जताया विरोध
काले झंडे दिखाने का विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं को सिंधिया समर्थक बताया गया। उनका कहना था कि कार्यक्रम में इस तरह विरोध प्रदर्शन करना उचित नहीं था। इसी को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर हंगामा करने वालों को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया। मामले पर भाजपा के जिला पदाधिकारियों ने इसे बड़े नेताओं का मामला बताते हुए टिप्पणी से इनकार किया। पुलिस अधिकारियों ने भी कुछ कहने से इनकार किया। हालांकि, सिंधिया ने अपना भाषण पूरा किया।

