Seattle Festival Shooting: अमेरिका के सिएटल शहर में रविवार रात मशहूर 'बाइट ऑफ सिएटल' फूड फेस्टिवल के दौरान अचानक गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई। स्पेस नीडल के पास आयोजित इस सालाना कार्यक्रम में हुई फायरिंग में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हुए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गोलीबारी के बाद मची भगदड़ का खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है।
फायरिंग के बाद मची भगदड़
घटना के बाद सामने आए वीडियो में गोलियों की तेज आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिसके बाद फेस्टिवल में मौजूद लोग डर के मारे चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग जान बचाने के लिए पास की दुकानों और आसपास की इमारतों में छिपते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फायरिंग में गई 2 लोगों की जान
सिएटल फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज ने बताया कि गोलीबारी में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच घायलों को तुरंत हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर पहुंचाया गया। घायलों में 56 साल की एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, 2 साल के बच्चे समेत 23 वर्षीय युवक और 39 वर्षीय महिला की स्थिति स्थिर बताई गई है। इसके अलावा एक 40 वर्षीय महिला को मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों के हाथ, पेट और पैरों में गोलियों या छर्रों से चोटें लगी हैं।

