Monday, Sep 28

होम = देश = कड़ाके की ठंड का कहर जारी! देश पर सर्दी का डबल अटैक, जानें आपके राज्य का हाल

कड़ाके की ठंड का कहर जारी! देश पर सर्दी का डबल अटैक, जानें आपके राज्य का हाल

by | Jan 9, 2026 | देश

Winter Weather Update: उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से में सर्दी अपने चरम पर पहुंच गई है। सुबह-शाम घना कोहरा, दिन में ठंडी हवाएं और कई इलाकों में शीतलहर ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाला पूरा सप्ताह ठंड की मार से राहत देने वाला नहीं है। उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में जहां ठिठुरन बढ़ेगी, वहीं कई राज्यों में तापमान और नीचे गिरने के आसार हैं।

यूपी-बिहार में कब तक रहेगी ठंड की मार?

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश अभी घने कोहरे की गिरफ्त में रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है। यह स्थिति 9 जनवरी तक व्यापक रूप से बनी रहेगी, जबकि कुछ इलाकों में 15 जनवरी तक घना कोहरा परेशान कर सकता है।

बिहार में हालात और भी सख्त हैं। यहां कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी और 10 जनवरी तक दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है। वहीं, घने कोहरे का असर बिहार में 14 जनवरी तक देखने को मिल सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

इन राज्यों में छाएगा घना से बहुत घना कोहरा

IMD के मुताबिक पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 9 जनवरी तक सुबह और रात में घना से बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है।

• पंजाब के कुछ हिस्सों में 10 से 15 जनवरी तक कोहरा बना रह सकता है।
• पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 10 से 15 जनवरी तक यही स्थिति रहने की संभावना है।
• राजस्थान के कुछ इलाकों में 12 जनवरी तक कोहरे का असर रहेगा।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 जनवरी तक घना कोहरा छाया रह सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 जनवरी तक, हरियाणा में 15 जनवरी तक, मध्य प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 10 जनवरी तक कोहरे का असर जारी रहने का अनुमान है। ओडिशा में 13 से 15 जनवरी तक यही हालात बने रह सकते हैं।

शीतलहर और कोल्ड डे का डबल अटैक

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 10 जनवरी तक शीतलहर का असर रहेगा। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 11 जनवरी तक शीतलहर लोगों को कंपकंपाती रहेगी।

कोल्ड डे की बात करें तो-

9 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।
बिहार में 10 जनवरी तक कोल्ड डे के आसार बने हुए हैं।

दिल्ली में येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली में भी ठंड से राहत नहीं है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

क्या करें सावधानी?

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि ठंड और कोहरे को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, बुजुर्गों और बच्चों का खास ध्यान रखें और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें। आने वाले कुछ दिन ठंड के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।

ये भी पढ़ें: 10 मामूली बदलाव जो आपको 1 साल में पूरी तरह बदल देंगे, अपनाएं पर्सनैलिटी सुधारने के आसान उपाय