Thursday, Sep 24

होम = Breaking = एक्टर शाहरुख की नेटवर्थ में ₹2,500 करोड़ की गिरावट, फिर भी अमीर एक्टर्स की लिस्ट में किंग

एक्टर शाहरुख की नेटवर्थ में ₹2,500 करोड़ की गिरावट, फिर भी अमीर एक्टर्स की लिस्ट में किंग

Shah Rukh Khan Net Worth: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान एक बार फिर भारत के सबसे अमीर एक्टर्स की लिस्ट में टॉप पर हैं। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले उनकी अनुमानित संपत्ति में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक शाहरुख खान की कुल संपत्ति करीब ₹10,000 करोड़ है। इसके बावजूद वह अमिताभ बच्चन, सलमान खान और ऋतिक रोशन जैसे सितारों से आगे बने हुए हैं।

एक साल में ₹2,490 करोड़ घटी नेटवर्थ

2025 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शाहरुख खान की अनुमानित नेटवर्थ ₹12,490 करोड़ थी। इस साल यह घटकर ₹10,000 करोड़ रह गई है। यानी एक साल में उनकी अनुमानित संपत्ति में ₹2,490 करोड़ की कमी आई है। शाहरुख की कमाई सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। उनकी संपत्ति में रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के जरिए कोलकाता नाइट राइडर्स में हिस्सेदारी भी शामिल है। हालांकि, ये आंकड़े अनुमानित हैं और प्राइवेट कंपनियों, निवेश और अन्य संपत्तियों की वैल्यू के आधार पर इनमें बदलाव हो सकता है। इस साल की शुरुआत में जारी हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में शाहरुख की संपत्ति ₹10,800 करोड़ आंकी गई थी।

अमिताभ बच्चन की नेटवर्थ में बड़ा उछाल

2026 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में अमिताभ बच्चन ₹4,000 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ भारत के दूसरे सबसे अमीर एक्टर हैं। 2025 की लिस्ट में उनकी नेटवर्थ ₹1,630 करोड़ आंकी गई थी। यानी एक साल में उनकी अनुमानित संपत्ति में करीब ₹2,370 करोड़ का इजाफा हुआ है। उनकी संपत्ति का आधार सिर्फ दशकों लंबा फिल्मी करियर नहीं है, बल्कि निवेश, रियल एस्टेट और फैमिली ऑफिस के जरिए मैनेज की जाने वाली एसेट्स भी इसमें शामिल हैं। नई वैल्यूएशन के साथ अमिताभ बच्चन टॉप अमीर एक्टर्स की सूची में अपनी मजबूत जगह बनाए हुए हैं।

सूची से जूही चावला बाहर

2026 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में पिछले साल के मुकाबले कुछ बड़े बदलाव हुए हैं। 2025 की लिस्ट में शामिल जूही चावला और करण जौहर इस बार नजर नहीं आ रहे हैं। पिछले साल जूही चावला की अनुमानित नेटवर्थ ₹7,790 करोड़ और करण जौहर की ₹1,880 करोड़ थी। वहीं, लिस्ट में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारी भी शामिल हैं। ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के पिता नरेश मल्होत्रा की अनुमानित संपत्ति ₹16,000 करोड़ बताई गई है। इसके अलावा भूषण कुमार, रॉनी स्क्रूवाला और कलानिधि मारन भी सूची में शामिल हैं।