Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल में एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना 9 नवंबर की शाम शहर की चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास हुई। बताया जा रहा है कि तालाब के किनारे चार किशोर मौजूद थे। इसी दौरान वहां पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंची। आरोप है कि पुलिस वाहन देखकर चारों घबरा गए और तालाब में कूद गए। इनमें से एक किशोर किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि तीन की डूबने से जान चली गई।
पुलिस की गाड़ी देखकर तालाब में कूदे किशोर
यह घटना शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे चार किशोर चौपाटी के पीछे तालाब के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी वहां पहुंची।
बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन देखकर चारों किशोर तालाब की ओर भागे और पानी में कूद गए। इनमें से एक किशोर बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि समीर वंशकार, गौरव वंशकार और दुर्गेश वंशकार गहरे पानी में डूब गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद बचाव अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
तीनों किशोरों की मौत के बाद परिवारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस को देखकर भाग रहे किशोरों को खदेड़ा गया था, जिसके कारण वे डरकर तालाब में कूद गए।
हालांकि, पुलिस ने पीछा करने के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि टीम नियमित गश्त पर थी और किशोरों ने खुद तालाब की ओर छलांग लगाई। आखिर वे पुलिस वाहन देखकर क्यों भागे और किन परिस्थितियों में तालाब में कूदे, इसकी जांच की जा रही है।
अस्पताल में भी हुआ हंगामा
तीनों किशोरों के शव जिला अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता और इलाज में देरी को लेकर भी सवाल उठाए गए।
परिजनों का आरोप था कि किशोरों को अस्पताल पहुंचाने के बाद तत्काल डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। इसको लेकर अस्पताल परिसर में नाराजगी बढ़ गई और हंगामे जैसी स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
कलेक्टर ने बनाई तीन सदस्यीय जांच टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इसमें अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन को शामिल किया गया है।
जांच समिति को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 4-4 लाख की सहायता के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से तीनों परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
इस हादसे के बाद तीन परिवारों में मातम पसरा हुआ है। अब सभी की नजर जांच समिति की रिपोर्ट पर है। जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि किशोर किन परिस्थितियों में तालाब में कूदे और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था।

