होम = Cover Story Featured = यूपी के शामली धर्मांतरण केस में बड़ा एक्शन, तौफीक उर्फ भोला गिरफ्तार

यूपी के शामली धर्मांतरण केस में बड़ा एक्शन, तौफीक उर्फ भोला गिरफ्तार

Shamli Conversion Case: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कथित अवैध धर्मांतरण मामले की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में तौफीक उर्फ भोला नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक निकाहनामा भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आयुष मलिक के धर्मांतरण से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है, जिसने पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया है।

मामले को लेकर 6 जून को दर्ज हुई थी शिकायत

पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के अनुसार, यह मामला 6 जून को दवा व्यापारी देवराज मलिक की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी ने प्रेम विवाह का झांसा देकर उनके बेटे आयुष मलिक का धर्म परिवर्तन कराया। आरोप है कि निकाह के बाद आयुष की संपत्ति पर भी कब्जा कर लिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तौफीक उर्फ भोला को गिरफ्तार किया, जिसके पास से निकाहनामा बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

फर्जी दस्तावेजों से निकाह का आरोप

शिकायत के अनुसार, चांदनी कुरैशी आयुष मलिक को दिल्ली ले गई और कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निकाह कराया। इस मामले में पुलिस ने 7 जून को चांदनी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार किया था। वहीं, एक मौलवी समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, जबरन वसूली और आपराधिक धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।