Sheikh Hamad bin Khalifa Al Thani Death: कतर सरकार ने रविवार को पूर्व शासक शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन की घोषणा की। अमीर कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जारी शोक संदेश में उनके निधन को देश के लिए बड़ी क्षति बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
1995 से 2013 तक संभाली देश की कमान
शेख हमद ने जून 1995 में अपने पिता को रक्तहीन तख्तापलट के जरिए सत्ता से हटाकर शासन संभाला था। उस समय कतर सीमित संसाधनों और कमजोर आर्थिक स्थिति वाला देश था, लेकिन उनके नेतृत्व में यह क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली राष्ट्र बनकर उभरा। तेज आर्थिक विकास के कारण उन्हें आधुनिक कतर के प्रमुख निर्माताओं में गिना जाता है।
अल जज़ीरा की स्थापना और ऐतिहासिक सत्ता हस्तांतरण
उनके कार्यकाल में 1996 में उनके आदेश पर अंतरराष्ट्रीय समाचार चैनल अल जज़ीरा की शुरुआत हुई। जून 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता अपने बेटे शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी। हाल के अरब इतिहास में किसी शासक द्वारा इस तरह स्वेच्छा से पद छोड़ना एक दुर्लभ घटना माना गया।
कतर के बारे में अहम बातें
करीब 30 लाख की आबादी वाला कतर अरब देशों में सबसे छोटे देशों में शामिल है, जहां अधिकांश निवासी विदेशी कामगार हैं। यह देश 1971 तक 55 वर्षों तक ब्रिटेन का संरक्षित क्षेत्र रहा। 19वीं सदी के मध्य से कतर पर अल थानी परिवार का राजशाही शासन कायम है।
ये भी पढ़े: वैशाली में महिला होमगार्ड जवान के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने बताया प्रेम प्रसंग का मामला

