Shopian Encounter News: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों का आतंकियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। बीती शाम शुरू हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए जा रहे हैं। यह ऑपरेशन सेना को मिले खुफिया इनपुट और निगरानी कैमरे में संदिग्ध गतिविधियां दिखने के बाद शुरू किया गया।
4 गांव खाली कर आतंकियों की घेराबंदी
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त अभियान शुरू कर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। एहतियात के तौर पर आसपास के चार गांवों को खाली कराया गया और आतंकियों को एक बाग में घेर लिया गया। ऑपरेशन को मजबूत करने के लिए विक्टर फोर्स की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गईं, रोशनी की व्यवस्था की गई और सभी संभावित भागने के रास्ते सील कर दिए गए।
मारे गए आतंकियों की पहचान लतीफ और जाकिर के रूप में
सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकियों की पहचान कुलगाम के रहने वाले लतीफ भट और जाकिर अहमद गनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जाकिर 2024 में और लतीफ पिछले साल लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था। जाकिर का नाम पहलगाम हमले के बाद खुफिया एजेंसियों द्वारा जारी 14 वांछित आतंकियों की सूची में भी शामिल था। हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
