Friday, Sep 25

होम = News Latest = सीरीज जीत के बाद श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान, बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को लेकर कही ये बात

सीरीज जीत के बाद श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान, बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को लेकर कही ये बात

by | Sep 16, 2026 | News Latest, खेल

Shreyas Iyer Statement After Series Win: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर ली है। दिल्ली में मिली इस जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर भी काफी खुश नजर आए। सीरीज में अजेय बढ़त लेने के बाद अय्यर ने तीसरे टी20 से पहले टीम के उन खिलाड़ियों को लेकर भी संकेत दिए, जो अब तक बेंच पर बैठे हैं।

बड़ी जीत से खुश दिखे श्रेयस अय्यर

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में जीत के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम पिछले मुकाबले के प्रदर्शन को देखते हुए इस मैच में बड़ी जीत हासिल करना चाहती थी और टीम इसमें सफल रही। उन्होंने कहा कि शुरुआती कुछ सीरीज में मिली हार को भुलाना आसान नहीं था, लेकिन क्रिकेट का सफर उतार-चढ़ाव से भरा होता है। ऐसे में टीम को संतुलन बनाए रखते हुए पिछली गलतियों के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए।

तीसरे टी20 में बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मौका

श्रेयस अय्यर ने तीसरे टी20 को बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को आजमाने का अच्छा मौका बताया। उन्होंने कहा कि हालात के मुताबिक खुद को ढालने से चीजें आसान हो जाती हैं। सीरीज में बढ़त हासिल करने के बाद टीम के पास अब कॉम्बिनेशन में बदलाव करने की छूट है और ऐसे में उन खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है, जो अभी तक प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी समेत इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

श्रेयस अय्यर के बयान के बाद अब 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के तीसरे टी20 में खेलने की उम्मीद भी बढ़ गई है। वैभव को सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में बेंच पर बैठना पड़ा था। उनके अलावा तेज गेंदबाज यश ठाकुर और स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को भी अब तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। ऐसे में तीसरे टी20 में इन तीनों खिलाड़ियों को मौका मिलता है तो एशियन गेम्स 2026 से पहले उनकी फॉर्म और फिटनेस परखने का भी टीम इंडिया के पास अच्छा मौका होगा।