होम = Breaking = सिक्किम की सुरंग में बड़ा हादसा, भूस्खलन के बाद 7 मजदूरों की गई जान

सिक्किम की सुरंग में बड़ा हादसा, भूस्खलन के बाद 7 मजदूरों की गई जान

by | Jul 21, 2026 | Breaking, News Featured, State

Landslide In Sikkim: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में बड़ा हादसा सामने आया है। सुरंग के भीतर मीथेन गैस विस्फोट के बाद हुए भूस्खलन से कई मजदूर अंदर फंस गए। प्रशासन के अनुसार अब तक 7 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि अन्य को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

सुरंग में मीथेन गैस विस्फोट के बाद हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में लगभग डेढ़ किलोमीटर तक मीथेन गैस जमा हो गई थी। गैस को बाहर निकालने की प्रक्रिया के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद सुरंग के भीतर भूस्खलन हुआ और मलबा गिरने से रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। कुछ मजदूर समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन 27 से अधिक मजदूर सुरंग के भीतर फंस गए।

जहरीली गैस से रेस्क्यू अभियान में मुश्किल

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। लेकिन सुरंग के भीतर जहरीली गैस, ऑक्सीजन की कमी और बेहद कम दृश्यता के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ। शुरुआती प्रयासों के दौरान फायर ब्रिगेड के कई कर्मियों को सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई, जिसके चलते कुछ समय के लिए अभियान रोकना पड़ा। बाद में सुरक्षा इंतजामों के साथ बचाव कार्य फिर शुरू किया गया।

विशेष टीमों की मदद से जारी राहत कार्य

रेस्क्यू अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पश्चिम बंगाल से गैस-प्रोटेक्शन उपकरणों से लैस विशेष टीम को भी बुलाया गया है। घटनास्थल पर एंबुलेंस, गैस मास्क और अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरंग के भीतर जहरीली मीथेन गैस, संकरा रास्ता और कम दृश्यता राहत कार्य को चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं। सभी संबंधित एजेंसियां युद्धस्तर पर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई हैं।

ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal: किन राशियों को मिलेगा धन लाभ, किसे रहना होगा सावधान? जानें अपना राशिफल