होम = Breaking = सिवान में छात्रों के प्रदर्शन ने लिया हिंसक मोड़, SP समेत 30 पुलिसकर्मी घायल; इलाके में इंटरनेट बंद

सिवान में छात्रों के प्रदर्शन ने लिया हिंसक मोड़, SP समेत 30 पुलिसकर्मी घायल; इलाके में इंटरनेट बंद

Siwan student protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिन बाद छात्र आंदोलन भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन बिहार में इसका असर अभी भी जारी है। शुक्रवार को पटना में पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में हुए बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हिंसा भड़क गई, जिसमें सबसे ज्यादा बवाल सीवान में देखने को मिला।

सिवान में प्रदर्शन ने लिया हिंसक मोड़

बिहार बंद के दौरान शनिवार को सिवान में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। जिले के गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन कुछ ही देर में बेकाबू हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प के बाद जमकर पथराव हुआ, जिसमें सिवान के एसपी पूरन कुमार झा, दो डीएसपी समेत करीब 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, करीब 10 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े और 6 से 8 राउंड हवाई फायरिंग भी की।

पुलिस ने फायरिंग पर दी सफाई

हवाई फायरिंग के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलने और मौत की खबरें फैलने लगीं। इसके बाद सिवान पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट की। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग केवल भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवाई की गई थी और पुलिस की गोली से किसी की मौत नहीं हुई है। हालांकि, झड़प के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है।