Pune Murder Case: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे के रियल्टर केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया गोयल के परिवार की मसाला और सूखे मेवों की दुकान को नोटिस जारी कर अगले आदेश तक कारोबार बंद करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन के कारण की गई।
₹8.14 लाख का माल जब्त
मार्केट यार्ड स्थित M/s BG Goyal and Company, जो सिया गोयल (20) के परिवार की फर्म है, का FDA ने निरीक्षण किया। इस दौरान 'संत' और 'साधु' ब्रांड के हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन चंक्स सहित चार खाद्य उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए। लेबलिंग में अनियमितता और संभावित मिलावट की आशंका के चलते 4,172 kg खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत लगभग ₹8.14 लाख है, जब्त कर ली गई।
FDA के मुताबिक, फर्म ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जरूरी प्रावधानों का पालन नहीं किया और लाइसेंस संबंधी आवश्यक संशोधन भी नहीं किए। इन्हीं उल्लंघनों को देखते हुए कारोबार रोकने का नोटिस जारी किया गया है।
क्या है हत्या का मामला?
सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान सिया के मंगेतर और 25 वर्षीय रियल्टर केतन अग्रवाल को कथित तौर पर चट्टान से धक्का देकर हत्या कर दी थी। फिलहाल सिया गोयल जेल में बंद है।
ये भी पढ़े: ISRO के अहम मिशनों से वैज्ञानिकों के इस्तीफों पर लगेगी लगाम, DoS ने जारी किया नया आदेश

