Smriti Mandhana News: भारत ने विमेंस एशिया कप में शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने हॉन्गकॉन्ग को 137 रन से हराया। इस जीत की सबसे बड़ी स्टार रहीं स्मृति मंधाना, जिन्होंने 124 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी के साथ कई बड़े रिकॉर्ड बने, जिसमें मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़कर विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनना भी शामिल है। वहीं, दीप्ति शर्मा ने भी टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
रन और शतकों में मंधाना का डबल धमाका
स्मृति मंधाना ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10,880 रन के साथ उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 10,868 रन थे। यही नहीं, मंधाना अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली महिला बल्लेबाज भी बन गई हैं। उनके नाम 18 शतक हैं। जो टेस्ट में 2, वनडे में 14 और टी-20 इंटरनेशनल में 2। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग का 17 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा।
मंधाना ने मिताली के एक और रिकॉर्ड की बराबरी की
स्मृति मंधाना ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 93वीं बार 50+ का स्कोर बनाया। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज की बराबरी कर ली है।

