Tuesday, Nov 10

होम = Trending = सोमाली डाकुओं ने ईरानी जहाज किया हाईजैक, 23 लोगों की जान खतरे में; समुद्र में बढ़ा तनाव

सोमाली डाकुओं ने ईरानी जहाज किया हाईजैक, 23 लोगों की जान खतरे में; समुद्र में बढ़ा तनाव

by | Nov 1, 2026 | Trending

Somali Pirates: अदन की खाड़ी और हिंद महासागर में समुद्री डाकुओं की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने लगी हैं। सोमाली समुद्री डाकुओं ने एक ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज को अगवा कर लिया है। इस जहाज पर कुल 23 लोग सवार थे, जिनमें 21 ईरानी क्रू मेंबर और दो सोमाली सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। बताया गया है कि 12 सोमाली डाकुओं ने जहाज पर कब्जा किया है। फिलहाल जहाज पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।

बंदर बायला और हाफुन के बीच अगवा हुआ जहाज

पुंटलैंड मैरीटाइम पुलिस फोर्स के एक सुरक्षा अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 'अजिनी' नाम के इस जहाज को पूर्वोत्तर सोमालिया के तटीय कस्बों बंदर बायला और हाफुन के बीच अगवा किया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर इंडियन ओशन (MSCIO) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगवा किया गया जहाज कमर्शियल शिपिंग लेन के करीब पहुंच रहा है। आशंका है कि समुद्री डाकू इसका इस्तेमाल आगे होने वाले हमलों के लिए 'फ्लोटिंग बेस' के रूप में कर सकते हैं।

जहाज पर 21 ईरानी और दो सोमाली गार्ड सवार

अगवा किए गए जहाज पर 21 ईरानी क्रू मेंबर और सोमालिया के दो सिक्योरिटी गार्ड मौजूद थे। फिलहाल इन सभी की स्थिति और सुरक्षा को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। यूरोपीय संघ के नौसैनिक अभियान 'ऑपरेशन अटालांटा' ने मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने को कहा गया है।

सोमाली समुद्री डकैती की घटनाओं में तेजी

सोमालिया के तट और अदन की खाड़ी में हाल के दिनों में समुद्री डकैती की घटनाएं बढ़ी हैं। अगस्त तक के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अब तक समुद्री डाकुओं ने कम से कम छह कमर्शियल जहाजों का अपहरण किया है। इनमें से कुछ घटनाएं सोमालिया के तट से काफी दूर खुले समुद्र में हुईं। सितंबर में पुंटलैंड के अधिकारियों ने बताया था कि समुद्री डाकुओं ने 'एमटी ऑनर 25' टैंकर के पांच क्रू मेंबर की हत्या कर दी थी। बाद में सुरक्षा बलों ने जहाज को वापस छुड़ा लिया और 16 संदिग्ध डाकुओं को हिरासत में लिया था।

अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर बढ़ा खतरा

पिछले दशक में नौसैनिक गश्त के कारण सोमाली समुद्री डकैती की घटनाओं में काफी कमी आई थी। हालांकि, ईरान युद्ध और क्षेत्र में जारी तनाव के बीच डाकुओं की गतिविधियां दोबारा बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिए खतरा पैदा हो गया है। होर्मुज और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में लगातार बाधाओं के कारण जहाजों को अफ्रीका के लंबे समुद्री रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। इससे उनकी यात्रा का समय करीब एक महीने तक बढ़ गया है। वहीं, टैंकरों का दैनिक चार्टर रेट भी 10 लाख डॉलर तक पहुंच गया है। ऐसे हालात में ईरानी जहाज के अपहरण ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

ये भी पढ़ें: INDIA ब्लॉक की रैली में 10 लाख लोग कहां थे? संबित पात्रा ने खाली कुर्सियों पर घेरा