Sonam Wangchuk News: पेपर लीक के मुद्दे पर 26 दिनों तक अनशन करने वाले एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक आज सोमवार को मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज होंगे। अनशन खत्म होने के तीन दिन बाद अब उनकी अस्पताल से छुट्टी हो रही है।
डिस्चार्ज के बाद सबसे पहले राजघाट जाएंगे
सामने आई जानकारी के मुताबिक, मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सोनम वांगचुक सबसे पहले राजघाट पहुंचेंगे, जहां वह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। गौरतलब है कि 28 जून को अनशन शुरू करने से पहले भी वह राजघाट गए थे और छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने से पहले बापू को नमन किया था। जानकारी के अनुसार, राजघाट पर श्रद्धांजलि देने के बाद सोनम वांगचुक लद्दाख के लिए रवाना हो जाएंगे।
26 दिन के अनशन के बाद तोड़ा उपवास
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने 28 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में आंदोलन शुरू किया था और 26 दिनों तक अनिश्चितकालीन अनशन पर रहे। अनशन के दौरान 18 जुलाई को पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। बाद में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। सरकार के साथ कई दौर की बातचीत और उनकी प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद सोनम वांगचुक ने 24 जुलाई को अपना अनशन समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा था कि लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया।

