Wednesday, Nov 11

होम = Breaking = सोनीपत में मामूली टक्कर पर खूनी खेल, बदमाशों ने डे-बैक मैनेजर को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

सोनीपत में मामूली टक्कर पर खूनी खेल, बदमाशों ने डे-बैक मैनेजर को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

Sonipat: हरियाणा के सोनीपत में रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जम्मू-कटरा हाईवे पर खेड़ा खेड़ी गांव के पास गाड़ी में टक्कर मारने का विरोध करने पर बदमाशों ने एक डे-बैक आउटलेट के मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रह्लाद के रूप में हुई है। वह कैथल स्थित डे-बैक आउटलेट में मैनेजर थे।

जानकारी के मुताबिक, प्रह्लाद अपने एक साथी के साथ कैथल से रोहतक जा रहे थे। इसी दौरान खेड़ा खेड़ी गांव के पास कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। प्रह्लाद ने गाड़ी रुकवाकर टक्कर मारने की वजह पूछी, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान तोड़ा दम

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रह्लाद के साथी और अन्य लोगों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में गाड़ी की टक्कर के बाद हुआ विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ ही वारदात के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।

ये भी पढ़े: IPL 2027 से पहले बड़ा धमाका, पंजाब के हुए हार्दिक पंड्या; मुंबई इंडियंस में शामिल हुए अर्शदीप सिंह!