E20 Petrol Mileage: देश के लोकप्रिय यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपनी लग्जरी मर्सिडीज-बेंज SUV का माइलेज अचानक कम होने के लिए इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल (E20) को जिम्मेदार ठहराया है। 41 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर्स वाले सौरव ने अपने व्लॉग 'Race With Brothers. Kon Jeetega?' में कार के डैशबोर्ड के आंकड़े दिखाते हुए दावा किया कि पिछले दो दिनों में माइलेज तेजी से गिर गया।
17 से 5 किमी प्रति लीटर तक पहुंचा माइलेज
उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी सौरव ने बताया कि उनकी कार पहले करीब 17 किमी/लीटर का माइलेज दे रही थी, जो पहले 9 किमी/लीटर और अगले ही दिन घटकर 5 किमी/लीटर रह गया। उन्होंने स्थानीय पेट्रोल पंप से मिलने वाले इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल को इसकी वजह बताया।
उनकी पत्नी और को-व्लॉगर अवंतिका भट्ट ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले फुल टैंक पर कार करीब 800 किमी की रेंज दिखाती थी, जबकि अब यह घटकर 480 किमी रह गई है। उन्हें आशंका है कि कहीं इससे पेट्रोल इंजन में कोई बड़ी तकनीकी खराबी न आ जाए।
छोटे शहर में लग्जरी कार की चिंता
सौरव ने कहा कि उनके पास मर्सिडीज की एक इलेक्ट्रिक SUV (G-Wagon) भी है, इसलिए उसमें इथेनॉल की चिंता नहीं होती। लेकिन पेट्रोल मॉडल में खराबी आने पर हल्द्वानी जैसे शहर से उसे मरम्मत के लिए दिल्ली भेजना पड़ सकता है, जिससे खर्च और परेशानी दोनों बढ़ेंगे।
मर्सिडीज और सरकार का क्या कहना है?
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO संतोष अय्यर ने कहा कि 2020 के बाद बेची गई सभी मर्सिडीज कारें E20 ईंधन के अनुकूल हैं। उनके अनुसार, समस्या इथेनॉल नहीं बल्कि पेट्रोल पंपों पर कथित अवैध मिलावट हो सकती है, जहां E20 के नाम पर ईंधन में दूसरी मिलावट किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।
वहीं, केंद्र सरकार प्रदूषण कम करने और कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने के लिए E20 पेट्रोल को बढ़ावा दे रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर इंजन खराब होने और जंग लगने के दावों को "झूठा नैरेटिव" बताया। उन्होंने कहा कि अब तक E20 पेट्रोल से किसी वाहन के खराब होने का एक भी प्रमाणित मामला सामने नहीं आया है और इस संबंध में फैल रही अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
ये भी पढ़े: बेंगलुरु में फ्लिपकार्ट डिलीवरी एजेंट पर महिला से अश्लील हरकत का आरोप, FIR के बाद गिरफ्तार

