होम = News Latest = स्पेन में जंगल की आग का कहर, 12 लोगों की मौत; दक्षिणी यूरोप में हीटवेव जारी

स्पेन में जंगल की आग का कहर, 12 लोगों की मौत; दक्षिणी यूरोप में हीटवेव जारी

Spain Forest Fire: दक्षिणी यूरोप इन दिनों भीषण हीटवेव और जंगल की आग की दोहरी मार झेल रहा है। इसी बीच स्पेन के दक्षिण-पूर्वी प्रांत अल्मेरिया के लॉस गायार्दोस इलाके में लगी भीषण जंगल की आग ने बड़ी त्रासदी को जन्म दिया है। इस हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। कई मृतक अपने वाहनों के अंदर मिले, जिन्हें तेज़ी से फैली आग ने पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, भीषण गर्मी और तेज़ हवाओं ने आग को तेजी से फैलाने में अहम भूमिका निभाई।

बिजली की लाइन से आग लगने की आशंका, हीटवेव ने बढ़ाई तबाही

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत बिजली की गिरी हुई लाइन से हुई, जिसके बाद तेज़ हवाओं और भीषण गर्मी के चलते लपटें तेजी से आसपास के जंगलों में फैल गईं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक आग लगने के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। इस बीच, करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान वाली लगातार पड़ रही हीटवेव ने दक्षिणी यूरोप के कई हिस्सों में जंगल की आग का खतरा बढ़ा दिया है, जिससे कई क्षेत्रों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।

फ्रांस, पुर्तगाल और स्पेन में आग से हाहाकार

स्पेन के साथ-साथ फ्रांस और पुर्तगाल में भी जंगल की भीषण आग ने हालात गंभीर कर दिए हैं। आग पर काबू पाने के लिए सैकड़ों दमकलकर्मी लगातार राहत और बचाव अभियान में जुटे हैं, जबकि हजारों लोगों को एहतियातन अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। अंदालूसिया के क्षेत्रीय प्रमुख ने इस घटना को "त्रासदी" बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "हमारे दिल भारी हैं और हम गहरे दुख में हैं।" आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, आग के कारण कई प्रमुख सड़कें बंद करनी पड़ीं और करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।