Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के टेक्कली मंडल में भारी बारिश और चक्रवात के बीच दर्दनाक हादसा हुआ। रविवलसा के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय पांच युवक भुवनेश्वर से गुनुपुर जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान राजू गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि चक्रवात के कारण इलाके में जगह-जगह बाढ़ का पानी जमा था। पांचों युवक इसी पानी में मछली पकड़ने गए थे। मछली पकड़ने के बाद वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों में चार इंटरमीडिएट छात्र
मृतकों की पहचान विशाखाराव, दिलीप, शरथ और शिवा के रूप में हुई है। चारों टेक्कली स्थित सरकारी एससी-एसटी छात्रावास में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे थे और दमारू गांव के रहने वाले बताए गए हैं। घायल सलमान राजू को टेक्कली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और ट्रेन के आने का उन्हें पता क्यों नहीं चला। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।
ये भी पढ़े: गणपति विसर्जन के लिए तैयार, लेकिन सूखे पड़े तालाब-नहर; तेलंगाना में गहराया जलसंकट

