Thursday, Sep 24

होम = News Featured = Asian Games 2026: भारत को पहली बार एमएमए में मिला मेडल, सुचिका तारियाल ने जीता ऐतिहासिक ब्रॉन्ज

Asian Games 2026: भारत को पहली बार एमएमए में मिला मेडल, सुचिका तारियाल ने जीता ऐतिहासिक ब्रॉन्ज

by | Sep 21, 2026 | News Featured, खेल

Suchika Tariyal MMA: सुचिका तारियाल ने सोमवार को एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वह एशियन गेम्स में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में भारत के लिए मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। सुचिका ने महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। सुचिका का अभियान सेमीफाइनल में खत्म हुआ, जहां उन्हें सिंगापुर की हुई हून टीओ के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला ओवरटाइम तक चला और भारतीय खिलाड़ी मामूली अंतर से फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। हालांकि, सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही उन्होंने भारत का मेडल पक्का कर दिया था। इससे पहले रविवार को सुचिका ने क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तांचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराया था। इस जीत के साथ वह एशियन गेम्स में MMA में मेडल सुनिश्चित करने वाली पहली भारतीय एथलीट बनी थीं।

कई कॉम्बैट खेलों में बनाई पहचान

36 वर्षीय सुचिका तारियाल का यह ब्रॉन्ज उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है। वह पहले राष्ट्रीय स्तर की जूडो खिलाड़ी रह चुकी हैं और बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने एशियन गेम्स 2023 में कुराश में भी हिस्सा लिया। सुचिका ने जिउ-जित्सु में भी अपनी पहचान बनाई और 2024 में जिउ-जित्सु फाइटिंग में वर्ल्ड टाइटल जीता। MMA में उन्होंने 2017 में डेब्यू किया था। इसके बाद करीब सात साल तक उन्होंने इस खेल से दूरी बनाकर जूडो और जिउ-जित्सु पर ध्यान दिया।

2024 में MMA में की वापसी

MMA में वापसी के बाद सुचिका ने दोबारा प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया। नवंबर 2024 में उन्होंने ब्रेव कॉम्बैट फेडरेशन के साथ कई मुकाबलों की डील साइन की। घुटने की चोट जैसी चुनौतियों से उबरकर उन्होंने प्रतिस्पर्धी MMA में वापसी की। खेल के अलावा सुचिका टीवी रियलिटी शो 'रोडीज' में हिस्सा लेने के कारण भी चर्चा में रही हैं। इससे उन्हें खेल जगत के बाहर भी पहचान मिली।

पहली बार एशियन गेम्स में MMA का आयोजन

आइची-नागोया एशियन गेम्स में MMA को पहली बार शामिल किया गया है। इस बार फ्रीस्टाइल BMX, टेकबॉल, पैडल, सर्फिंग और वर्चुअल ताइक्वांडो जैसे खेल भी पहली बार एशियन गेम्स का हिस्सा बने हैं। सुचिका फाइनल में भले ही जगह नहीं बना सकीं, लेकिन उनका ब्रॉन्ज मेडल भारतीय MMA के लिए एशियन गेम्स में ऐतिहासिक शुरुआत बन गया।

ये भी पढ़ें: DUSU चुनाव पर आया अखिलेश का रिएक्शन, कहा- BJP ने घपला कर चुनाव में जीत दर्ज की