Tuesday, Sep 08

होम = Cover Story Big = सुपौल के मदरसे में समोसा-मिठाई खाने के बाद 4 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, एक की मौत

सुपौल के मदरसे में समोसा-मिठाई खाने के बाद 4 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, एक की मौत

Bihar: बिहार के सुपौल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सुपौल सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी वार्ड नंबर-19 स्थित जामिअतुस सालिहात एजुकेशनल ट्रस्ट के मदरसे में समोसा और मिठाई खाने के बाद चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां 10 वर्षीय अल्फिशा की मौत हो गई। शुरुआती जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है।

मां लेकर आई थीं समोसा और मिठाई

मदरसा प्रबंधन के मुताबिक, यहां करीब 60-65 छात्राएं रहकर पढ़ती हैं और संस्था लगभग दो साल से संचालित है। मृतका अल्फिशा भी करीब दो साल से यहां रह रही थी। सोमवार को उसकी मां उससे मिलने मदरसा आई थीं और बच्ची के लिए समोसा व मिठाई देकर वापस चली गईं। इसे खाने के बाद अल्फिशा समेत आफिया, सहाना खातून और हलीमा सादिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्राओं को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। अल्फिशा को उल्टी-दस्त होने लगे और इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

पुलिस-प्रशासन ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मदरसे पहुंची और परिसर का निरीक्षण किया। संचालक खलील रहमान, शिक्षकों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई। डीएम सावन कुमार के निर्देश पर जिला शिक्षा कार्यालय की टीम ने भी संस्था के दस्तावेज, सुविधाओं और छात्राओं की आवासीय व्यवस्था की जांच की। यह भी देखा जा रहा है कि छात्राओं को आवासीय रूप से रखने की अनुमति है या नहीं और नियमों का पालन हो रहा है या नहीं।

सदर एसडीएम मनोहर कुमार साह ने बताया कि एक छात्रा की मौत हुई है, जबकि दो-तीन अन्य के अस्पताल में इलाज की जानकारी है। प्रशासन उनकी स्थिति पर नजर रख रहा है। सुपौल एसपी शरथ आरएस भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों से बातचीत और जांच के बाद ही छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: PM मोदी के मुंबई कार्यक्रम स्थल पर बंदूक के साथ शख्स गिरफ्तार, खुद को बताया PMO अधिकारी