Surgical Strike: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने LoC के पार जाकर आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। पीएम मोदी के मुताबिक, आतंकवाद के खिलाफ भारतीय जवानों की इस कार्रवाई ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था।
आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस का संदेश
पीएम मोदी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक ने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का एक नया उदाहरण दुनिया के सामने रखा। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में बालाकोट एयरस्ट्राइक से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आतंकवादी भारत पर बुरी नजर डालने की हिम्मत करेंगे तो उन्हें उचित जवाब का सामना करना पड़ेगा।
पुराने आतंकी हमलों को भी किया याद
प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवादी हमलों ने लंबे समय तक भारत को चोट पहुंचाई। उन्होंने सितंबर 2008 में दिल्ली में हुए सीरियल ब्लास्ट और उसके कुछ समय बाद हुए मुंबई 26/11 हमले का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि पहले आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की मांग होती थी, लेकिन उस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था।
9/11 हमले के 25 साल का भी जिक्र
पीएम मोदी ने इस साल 9/11 आतंकी हमले के 25 साल पूरे होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों में अमेरिकियों के बाद भारतीयों की संख्या सबसे ज्यादा थी। पीएम मोदी ने 2014 में अमेरिका दौरे के दौरान न्यूयॉर्क में हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने की बात कही और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ये भी पड़े: विश्वविद्यालयों में छात्रों का प्रदर्शन, हंगामे के बाद आगजनी-तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी

