Wednesday, Sep 09

होम = मनोरंजन = दर-दर भटका ‘तारक मेहता’ का गोलू! लोगों से घर जाकर खाना बनाने की करने लगा गुजारिश

दर-दर भटका ‘तारक मेहता’ का गोलू! लोगों से घर जाकर खाना बनाने की करने लगा गुजारिश

Kush Shah New YouTube Video: लोकप्रिय टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में गोली का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले अभिनेता कुश शाह अब एक नए अंदाज में नजर आ रहे हैं। शो छोड़ने के करीब दो साल बाद कुश ने यूट्यूब पर अपना नया सफर शुरू किया है। हाल ही में उन्होंने मुंबई की सड़कों पर लोगों से उनके घर जाकर खाना बनाने की गुजारिश की। कुश का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है और फैंस उनके नए कंटेंट को खूब पसंद कर रहे हैं।

लोगों के घर जाकर बनाया खाना

कुश शाह ने अपने इंस्टाग्राम पर नए यूट्यूब कंटेंट की झलक साझा की है। वीडियो में वह मुंबई की सड़कों पर राह चलते लोगों से पूछते दिखाई दिए कि क्या वह उनके घर जाकर खाना बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें इतने सालों तक प्यार दिया है और अब वह उन्हें कुछ लौटाना चाहते हैं। कुश ने बताया कि खाना बनाना उनकी हॉबी है और वह सिर्फ खाना बनाना ही नहीं, बल्कि लोगों को अपने हाथों से खिलाना भी चाहते हैं। शुरुआत में वह कई लोगों से बात करते हुए हिचकिचाते नजर आए। कुछ लोगों ने उनकी बात सुनकर हैरानी जताई, तो कई लोग अपने पसंदीदा कलाकार को देखकर काफी खुश हुए। आखिरकार कुश एक घर पहुंचे और वहां जाकर खाना बनाया। उन्हें देखकर गली-मोहल्ले के बच्चे और परिवार के लोग काफी उत्साहित नजर आए। कई बच्चे उन्हें ‘गोली-गोली’ कहकर चीयर करते भी दिखे।

झील मेहता और पलक सिंधवानी ने किया रिएक्ट

कुश शाह के इस नए आइडिया को फैंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोग कमेंट कर उनसे पूछ रहे हैं कि वह उनके घर कब खाना बनाने आएंगे। शो में सोनू का किरदार निभा चुकीं झील मेहता और पलक सिंधवानी ने भी कुश के वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। दोनों ने खुशी जाहिर करते हुए पूछा कि वह उनके घर कब आ रहे हैं। फैंस के बीच कुश का यह नया अंदाज काफी पसंद किया जा रहा है।

16 साल बाद छोड़ा था 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा'

कुश शाह करीब 16 साल तक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का हिस्सा रहे। उन्होंने साल 2024 में शो को अलविदा कह दिया था। शो छोड़ने की वजह बताते हुए कुश ने कहा था कि वह आगे की पढ़ाई के लिए विदेश जाना चाहते हैं और वहां करियर के दूसरे विकल्प तलाशना चाहते हैं। अब कुश यूट्यूब के जरिए अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका खाना बनाने और लोगों से जुड़ने वाला कंटेंट फैंस को उनके पुराने किरदार से अलग एक नया रूप दिखा रहा है।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/ram-mandir-ceo-jitendra-mishra/