Tamil Nadu: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास स्थित सेंट पीटर एंड पॉल सी फूड्स एक्सपोर्ट्स नामक सीफूड प्रोसेसिंग और निर्यात इकाई में अमोनिया गैस रिसाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अनुसार, रविवार रात तक दो श्रमिकों की मौत हुई थी, जबकि सोमवार सुबह चार अन्य ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान बी. गुमानी जुआंगा (19), फूलोमणि जुआंगा, गीता जुआंगा, जे. पूर्णिमा जुआंगा (22), आर. शिबानी (22) और एस. चंपाबती जुआंगा (23) के रूप में हुई है। सभी मृतक ओडिशा के निवासी थे।
74 लोग गैस की चपेट में आए
विषाक्त गैस की चपेट में कुल 74 लोग आए थे, जिनमें से 67 का इलाज जारी है, जबकि दो लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। प्रभावित लोगों ने सांस लेने में तकलीफ, आंखों और श्वसन तंत्र में जलन, खांसी, सीने में दर्द और अलग-अलग स्तर की श्वसन संबंधी समस्याओं की शिकायत की। गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है।
हॉस्टल तक पहुंची थी गैस
अधिकांश कर्मचारी 19 से 20 वर्ष की युवा महिलाएं थीं, जो ओडिशा, झारखंड, असम और पश्चिम बंगाल से थीं। रविवार सुबह करीब 11 बजे गैस रिसाव के समय वे ड्यूटी पर नहीं थीं और अमोनिया प्लांट से लगभग 50 मीटर दूर स्थित अपने हॉस्टल के कमरों में आराम कर रही थीं। तमिलनाडु सरकार द्वारा बचाव कार्य के लिए तैनात राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने बताया कि गैस श्रमिकों के आवासीय परिसर तक फैल गई थी, जिससे उन्हें सांस लेने में कठिनाई और अन्य परेशानियां हुईं।
130 कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
यूनिट के लगभग 130 ऐसे कर्मचारियों को, जो रिसाव से प्रभावित नहीं हुए थे, कन्निगाइपैर स्थित गोविंदा भवनम मैरिज हॉल में स्थानांतरित किया गया, जहां उनके लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई।
पुलिस जांच में जुटी
स्वास्थ्य मंत्री के. जी. अरुणराज ने बताया कि विशेषज्ञों ने प्लांट के आसपास हवा में अमोनिया का स्तर करीब 300 पीपीएम दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। यूनिट के मालिक मोहन और जोसेफ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दो मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए तिरुवल्लूर सरकारी अस्पताल में रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अंतिम संस्कार के लिए मृतकों के शवों को उनके गृह राज्य ओडिशा भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
ये भी पढ़े: Lucknow Fire Accident: 15 की मौत, कई लोग फंसे; जान बचाने के लिए इमारत से कूदे छात्र

