Tamil Nadu: तमिलनाडु के थेनी जिले की जेल से 17 कैदियों के फरार होने के मामले में मुख्यमंत्री विजय ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को डिप्टी जेल अधीक्षक एन. रामलिंगम को निलंबित करने और वरिष्ठ जेल अधिकारियों के तबादले के आदेश दिए गए। अगस्त 2024 से तैनात रामलिंगम पर सुरक्षा निगरानी और प्रशासन में लापरवाही के आरोप हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुल 17 कर्मचारियों के निलंबन और विभागीय जांच की कार्रवाई भी हुई है।
मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक कर भागे कैदी
26 अक्टूबर, सोमवार रात थेनी जेल में 17 कैदियों ने एक साथी को मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया। गार्ड ने मदद के लिए कोठरी खोली तो कैदियों ने उस पर हमला कर दिया।
इसके बाद मुख्य गेट की चाबियां छीनकर सभी जंगल की ओर भाग निकले। आरोपी अरंजनाईपुदुर से मोटरसाइकिल पर उत्तमपालयम पहुंचे। अम्माचीपुरम में एक अजनबी का फोन लेकर सहयोगी से संपर्क किया, जिसने उन्हें पैसे, कपड़े और वाहन उपलब्ध कराए।
17 पुलिस टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
फरार कैदियों की तलाश में 17 विशेष पुलिस टीमें, पांच स्पेशल टास्क फोर्स इकाइयां और तमिलनाडु विशेष पुलिस की चार बटालियन लगाई गईं। घने जंगलों में ड्रोन से निगरानी की गई।
मंगलवार को पांच कैदी पकड़े गए, जिन्हें 10 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया। बुधवार को आठ अन्य को गिरफ्तार कर 11 नवंबर तक हिरासत में भेजा गया। बाकी कैदियों को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया। सभी 17 कैदी दोबारा पकड़े जा चुके हैं। उन्हें उच्च सुरक्षा वाली जेलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हुई है।
एक सप्ताह में जेल से भागने की दूसरी घटना
इससे पहले 20 अक्टूबर को चेन्नई के पास पुझल की उच्च सुरक्षा वाली जेल से दो दोषी फरार हुए थे। सात पुलिस टीमों ने दो दिन बाद उन्हें पकड़ लिया। लगातार घटनाओं के बाद गुरुवार को जेल विभाग के डीजीपी डॉ. संदीप राय राठौर का तबादला किया गया।
मंत्री आर. निर्मल कुमार ने सुरक्षा प्रक्रियाओं में खामियां स्वीकार करते हुए CCTV निगरानी बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री विजय ने राज्य की सभी जेलों में कड़ी सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

