Thursday, Sep 03

होम = Cover Story Top = तेज प्रताप यादव और मोनिका मनी के बीच क्या है विवाद? कौन हैं ये ‘मिसेज इंडिया’ रनरअप?

तेज प्रताप यादव और मोनिका मनी के बीच क्या है विवाद? कौन हैं ये ‘मिसेज इंडिया’ रनरअप?

Tej Pratap Yadav News: दिल्ली के फाइव स्टार होटल का ‘चप्पल कांड’ अब नया मोड़ ले चुका है। संजय सिंह और तेज प्रताप यादव के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच एक महिला ने तेज प्रताप पर गंभीर दावे किए हैं। महिला का कहना है कि तेज प्रताप अपने दोस्त के साथ जबरन उनके होटल कमरे में घुसे और अभद्र व्यवहार किया। आखिर कौन है ये महिला और क्या है पूरा मामला? आइए, सिलसिलेवार समझते हैं।

पार्टी के बहाने मुलाकात, फिर एक्टिंग का ऑफर

मोनिका मनी के मुताबिक, वह उस वक्त पहले से ही दिल्ली में थीं। उनका दावा है कि तेज प्रताप यादव ने उन्हें फोन कर एक पार्टी में बुलाया था। इसी दौरान तेजस्वी यादव के बेटे के जन्मदिन से जुड़ा एक कार्यक्रम भी था। मोनिका का कहना है कि उस समय तेज प्रताप यादव ‘भोजपुरिया बवाल’ नाम के टीवी कार्यक्रम से जुड़े थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात तेज प्रताप के एक दोस्त से हुई, जो कथित तौर पर उसी कार्यक्रम से जुड़ा था। मोनिका के अनुसार, उन्हें एक्टिंग में काम दिलाने का भरोसा भी दिया गया था।

ऑफर ठुकराया तो बढ़ी तल्खी?

मोनिका के मुताबिक, तेज प्रताप यादव और उनके दोस्त ने उन्हें साथ काम करने का प्रस्ताव दिया था। दावा है कि उन्हें मुंबई में भी काम दिलाने का भरोसा दिया गया। लेकिन मोनिका ने इस ऑफर को ठुकरा दिया। उनका कहना है कि इनकार के बाद दोनों नाराज हो गए और फिर तेज प्रताप अपने दोस्त के साथ उनके होटल के कमरे में पहुंच गए। मोनिका का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

कौन हैं मोनिका मनी?

मोनिका मनी मूल रूप से मुजफ्फरपुर की रहने वाली बताई जाती हैं। उन्होंने ‘मिसेज बिहार’ का खिताब जीता और 2017 में ‘मिसेज इंडिया’ में सेकंड रनर-अप रहीं। दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई के साथ वह उद्यमिता और सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ी रहीं। ग्लैमर की दुनिया से आगे बढ़ते हुए बाद में उनकी राजनीतिक सक्रियता भी सामने आई।