Toronto Shooting: कनाडा के टोरंटो में आयोजित एक स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और बाद में बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। घटना उस समय हुई जब 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' फेस्टिवल में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
हमलावर फरार, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और लोगों से फायरिंग वाली जगह से दूर रहने की अपील की। शुरुआती अलर्ट में पुलिस ने संभावित एक्टिव शूटर को लेकर चेतावनी जारी की थी, लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। हालांकि, पुलिस के अनुसार गोलीबारी में शामिल संदिग्ध या संदिग्धों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एहतियात के तौर पर लैटिनो-थीम वाले सांस्कृतिक उत्सव 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया दहशत का मंजर
घटना के दौरान फेस्टिवल में सामान बेच रहीं पैट्सी गुटिरेज ने बताया कि वह ग्राहकों को सामान दे रही थीं, तभी अचानक बड़ी संख्या में लोग भागते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा, "हर कोई घबराने लगा और हमने तुरंत सामान देना बंद कर दिया। मुझे नहीं लगता कि इस तरह के कार्यक्रमों में ऐसी घटना होनी चाहिए।" वहीं, वैलेरी रोड्रिगेज ने बताया कि वह शनिवार रात एक रेस्टोरेंट के पास बैठी थीं, तभी लोगों की चीख-पुकार सुनाई दी। उनके मुताबिक, "कई लोगों ने हमें तुरंत जमीन पर लेट जाने के लिए कहा। हम बेहद डर गए थे क्योंकि हमें समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर क्या हो रहा है।" प्रत्यक्षदर्शियों के इन बयानों से घटना के दौरान फैली अफरा-तफरी और दहशत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

