Tripura BSF Attack: त्रिपुरा में एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया। सिपाहीजाला जिले में नाराज ग्रामीणों की भीड़ ने बीएसएफ जवानों को निशाना बनाते हुए उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बीएसएफ जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में शामिल सभी लोगों को सजा दिलाई जाएगी और उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ किया कि सुरक्षा बलों के जवानों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साहा ने इस मामले में दोषियों को जवाबदेह ठहराने की बात भी कही।
हिरासत के बाद भड़की हिंसा, तीन जवान घायल
त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में बीएसएफ की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों और जवानों के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को अशाबाड़ी सीमा चौकी के पास बीएसएफ ने तस्करी गतिविधियों में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। इससे नाराज ग्रामीणों के एक समूह ने जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान कम से कम तीन जवान घायल हो गए। भीड़ ने बीएसएफ के एक वाहन में तोड़फोड़ की और जवानों से हथियार छीनने की कोशिश भी की।
ये भी पढ़ें: ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमला, एक नाविक की मौत; 13 को सुरक्षित बचाया गया

