Strait of Hormuz: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को लेकर बड़ा बयान दिया है। साउथ कैरोलाइना में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप ने कहा कि वह अब होर्मुज़ जलडमरूमध्य को ‘अमेरिकी क्षेत्र’ के तौर पर देखते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अभी सही डील के लिए तैयार नहीं है।
ईरान को परमाणु हथियार से रोकना जरूरी: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार आ गए तो स्थिति “बहुत बुरी” हो सकती है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी बड़ी सैन्य मौजूदगी बरकरार रखी है और ईरान पर आर्थिक दबाव भी लगातार बढ़ा रहा है।
ईरान पर नई पाबंदियों की तैयारी, चीन पर भी पड़ सकता है असर
अमेरिका सोमवार को ईरान के खिलाफ नई पाबंदियों का ऐलान कर सकता है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इन प्रतिबंधों का असर चीन समेत ईरान के कुछ प्रमुख कारोबारी साझेदारों पर भी पड़ने की आशंका है। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ अब भी अहम केंद्र बना हुआ है। इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से तेल टैंकरों और अन्य कारोबारी जहाजों की आवाजाही में भी काफी कमी आई है।
सैन्य विकल्प सीमित नहीं: ट्रंप
शुक्रवार को जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान के खिलाफ ‘आर्थिक युद्ध’ का रुख यह संकेत देता है कि अमेरिका के सैन्य विकल्प सीमित हो गए हैं, तो उन्होंने इससे साफ इनकार किया। ट्रंप ने कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं।” उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल “देख रहा है कि क्या होता है।”

