Friday, Sep 25

होम = Breaking = ईरान के फैसले के बाद ट्रंप की प्रतिक्रिया, बोले- इस तरह के कदम शांति की दिशा में अहम हैं

ईरान के फैसले के बाद ट्रंप की प्रतिक्रिया, बोले- इस तरह के कदम शांति की दिशा में अहम हैं

Donald Trump News: ईरान ने दिसंबर 2024 से हिरासत में रखी गई अमेरिकी-ईरानी नागरिक डेना करारी को रिहा कर दिया है। इस घटनाक्रम की पुष्टि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने करते हुए इसे सकारात्मक कदम बताया। ट्रंप ने कहा कि डेना करारी अब सुरक्षित रूप से ईरान से बाहर हैं और उनकी तबीयत भी ठीक है।

ट्रंप ने बताया ‘सद्भावना का कदम’

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे ‘सद्भावना का कदम’ बताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि ईरान ने उस अमेरिकी नागरिक को देश छोड़ने की अनुमति दी है, जिसे दिसंबर 2024 में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के दौरान गलत तरीके से हिरासत में लिया गया था। ट्रंप ने कहा कि यह फैसला दोनों देशों के बीच सकारात्मक संकेत माना जा सकता है।

तनाव के बीच रिहाई को माना जा रहा अहम घटनाक्रम

ट्रंप ने कहा, "वह अब सुरक्षित रूप से ईरान से बाहर है और उसकी स्थिति अच्छी है। अमेरिका इस सद्भावना के कदम की सराहना करता है।" डेना करारी की रिहाई ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है। दोनों देशों के रिश्तों में जारी खींचतान और होर्मुज़ जलडमरूमध्य में बढ़ी अमेरिकी सैन्य गतिविधियों के बीच इस कदम को कूटनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।